रन अगेंस्ट ड्रग्स में दौड़े युवा, दिया नशामुक्ति का संदेश

Follow Us

कवर्धा । नशा मुक्त भारत अभियान के 6 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए करपात्री मैदान, कवर्धा में ‘रन अगेंस्ट ड्रग्स दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में आर्मी योद्धा ग्रुप के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बालिकाओं के लिए 800 मीटर और बालकों के लिए 1600 मीटर दौड़ आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने दौड़ के माध्यम से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को समाज कल्याण विभाग की ओर से मेडल और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने और नशामुक्त भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आर्मी योद्धा ग्रुप के कोच सुनील सरोज सहित ग्रुप के विद्यार्थी उपस्थित रहे। विभाग की ओर से आगामी दिनों में भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।