शताब्दी के अवसर पर स्मारक सिक्का, डाक टिकट और ऐतिहासिक निर्णयों पर पुस्तक का करेंगे विमोचन
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री समारोह को संबोधित भी करेंगे। यूपीएससी की स्थापना वर्ष 1926 में हुई थी। आयोग के गठन के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पिछले वर्ष 1 अक्टूबर से वर्षभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 1 अक्टूबर को होने वाला यह समारोह इन शताब्दी आयोजनों का समापन कार्यक्रम होगा।
शताब्दी समारोह के अवसर पर प्रधानमंत्री यूपीएससी शताब्दी स्मारक सिक्का और स्मारक डाक टिकट जारी करेंगे। इसके साथ ही वे ‘भारत में यूपीएससी और लोक सेवा आयोगों की नीतियों को आकार देने वाले-100 ऐतिहासिक निर्णय शीर्षक वाली पुस्तक का भी विमोचन करेंगे। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों के लोक सेवा आयोगों के अध्यक्ष एवं सदस्य, भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद, यूपीएससी के अधिकारी तथा देशभर से जुड़े अन्य हितधारक शामिल होंगे।
यह समारोह यूपीएससी द्वारा 30 सितंबर और 1 अक्टूबर 2026 को आयोजित किए जा रहे दो दिवसीय कार्यक्रम का हिस्सा है। कार्यक्रम के पहले दिन 30 सितंबर को भारत मंडपम में ‘शताब्दी समारोह-मंथन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रख्यात वक्ताओं के संबोधन के साथ विभिन्न विषयों पर पैनल चर्चाएं आयोजित की जाएंगी। शताब्दी समारोह के माध्यम से यूपीएससी की 100 वर्षों की यात्रा, देश की लोक सेवा व्यवस्था में उसके योगदान तथा भविष्य की चुनौतियों और संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
