ओडिशा : कटक के मेडिकल कॉलेज और ट्रामा सेंटर में भीषण आग, 10 मरीजों की दर्दनाक मौत

Follow Us

कटक। ओडिशा के कटक शहर में स्थित एक मेडिकल कॉलेज और ट्रामा सेंटर में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए।

तड़के 3 बजे लगी आग, अस्पताल में मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक यह हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ, जब अस्पताल की पहली मंजिल पर अचानक आग लग गई। आग की तेज लपटें देखते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर आग पर काबू पाने की कोशिश की।

मरीजों को सुरक्षित निकालने की कोशिश
आग लगने के बाद अस्पताल में मौजूद सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों ने मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया। खासतौर पर आईसीयू में भर्ती मरीजों को तत्काल दूसरी जगह शिफ्ट किया गया।

हालांकि कई मरीज गंभीर रूप से प्रभावित हुए और बाद में उन्हें न्यू मेडिसिन आईसीयू में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 10 मरीजों की मौत हो गई।

cm मोहन माझी पहुंचे मौके पर
हादसे की जानकारी मिलते ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी मौके पर पहुंचे और अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनके उपचार की व्यवस्था का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने इस घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

उच्च स्तरीय जांच के आदेश
घटना के बाद स्वास्थ्य सचिव, कटक कलेक्टर और डीसीपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने इस हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

सरकार का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद हादसे के कारणों का पता लगाया जाएगा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।