कोरबा में महाराजा अग्रसेन जयंती खेल महाकुंभ का आगाज, विभिन्न प्रतियोगिताओं में दिखेगा प्रतिभागियों का हुनर

Follow Us

कोरबा। महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय में खेल महाकुंभ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। सबसे पहले माता सरस्वती और महाराजा अग्रसेन की पूजा की गई, जिसके बाद जयंती समारोह के तहत आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का औपचारिक आगाज हुआ। आयोजन को लेकर समाज के लोगों और प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं रखी गई हैं, जिनके जरिए बच्चों, युवाओं और समाज के अन्य सदस्यों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में अग्रवाल सभा के पूर्व अध्यक्ष राम सिंह अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर होने वाली प्रतियोगिताओं का चयन इस तरह होना चाहिए, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाए। पूर्व अध्यक्ष महावीर प्रसाद अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों और उद्देश्यों को जीवन में अपनाने की बात कही। वहीं अग्रवाल सभा अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल ने प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है और सभी समाज के सदस्य हैं। आयोजन का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी मेल-जोल और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम में महिला मंडल अध्यक्ष शशि अग्रवाल, श्री अग्रसेन नवयुवक मंच अध्यक्ष प्रियम अग्रवाल, श्री अग्रसेन गो सेवा समिति अध्यक्ष जयंत अग्रवाल, श्री अग्रसेन शिक्षण समिति के विद्यालय अध्यक्ष विक्रम अग्रवाल सहित अग्रवाल सभा के पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी, अग्रबंधु और महिलाएं मौजूद रहीं।