*पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता*
श्रीनगर । जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक आतंकवादी का सड़ा-गला शव बरामद किया है। शव के पास से अमेरिका में निर्मित एम-4 राइफल भी बरामद हुई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, बरामद आतंकवादी हाल में डोडा जिले में चलाए गए एक संयुक्त अभियान के दौरान मारा गया था। अभियान के बाद उसका शव दुर्गम इलाके में पड़ा रह गया था, जिसे अब सुरक्षा बलों ने बरामद कर लिया।
एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान दल (एसओजी), सेना की राष्ट्रीय राइफल्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान आतंकवादी के शव का पता चला। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सामाजिक माध्यम मंच ‘एक्स पर घटना की पुष्टि की है। हालांकि, पुलिस ने अभियान की सटीक जानकारी या मारे गए आतंकवादी की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
पुलिस ने बताया कि शव के साथ रात में देखने में सक्षम एम-4 राइफल भी बरामद की गई है। बरामद हथियार और अन्य सामग्री को जांच के लिए सुरक्षित कर लिया गया है। एम-4 एक हल्की, गैस-चालित स्वचालित राइफल है। इसका उपयोग युद्ध और शहरी क्षेत्रों में सैन्य अभियानों के लिए किया जाता रहा है। वर्ष 1980 के दशक में विकसित इस हथियार का इस्तेमाल अमेरिका और उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) की सेनाओं ने अफगानिस्तान में बड़े पैमाने पर किया था।
अमेरिका और नाटो सेनाओं की अफगानिस्तान से वापसी के बाद बड़ी मात्रा में आधुनिक हथियार तालिबान के कब्जे में चले गए थे। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, क्षेत्र में सक्रिय आतंकवादी संगठनों तक भी ऐसे हथियार पहुंचने की आशंका रही है। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि बरामद एम-4 राइफल आतंकवादी तक कैसे पहुंची। जांच का एक पहलू यह भी है कि क्या हथियार पाकिस्तान स्थित आतंकी नेटवर्क के माध्यम से आतंकवादी को उपलब्ध कराया गया था और क्या इसे सीमा पार घुसपैठ के दौरान जम्मू-कश्मीर लाया गया।
असम में दर्दनाक हादसा, ट्रक की टक्कर में कार सवार 5 युवकों की मौके पर ही मौत, ड्राइवर
बरामद हथियार की जांच से उसके स्रोत और इस्तेमाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। डोडा में आतंकवादी के अवशेष मिलने की घटना ऐसे समय सामने आई है, जब कुछ दिन पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक पाकिस्तानी आतंकवादी को मुठभेड़ में मार गिराया था। सुरक्षा बलों ने हाल के दिनों में जम्मू-कश्मीर के विभिन्न इलाकों में आतंकवादियों के खिलाफ अभियान तेज किया है। डोडा में बरामदगी को भी इसी अभियान की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां बरामद हथियार, शव और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही हैं।
