धमतरी। ग्राम कंडेल में मामूली विवाद को लेकर दो युवकों पर नुकीले पेचकस से हमला करने वाले आरोपी को अर्जुनी पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पेचकस भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे नीरज साहू अपने साथी सुरेंद्र कुमार साहू और लुकेश यादव के साथ ग्राम कंडेल स्थित चबूतरे पर बैठा था। इसी दौरान सुरेंद्र पानी लेकर वापस लौट रहा था, तभी सौरभ साहू ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का और लात से मारपीट शुरू कर दी।
भाभी से इश्क़ लड़ा रहे देवर ने 2 साल की मासूम भतीजी को जलते चूल्हे में बिठाया, मौत
सुरेंद्र के साथ मारपीट होते देखकर नीरज साहू बीच-बचाव करने पहुंचा। आरोप है कि इसी दौरान सौरभ साहू ने अपने पास रखे नुकीले पेचकस से नीरज के सिर के पिछले हिस्से पर वार कर दिया। नीरज के शोर मचाने पर उसका छोटा भाई कोपेश्वर साहू मौके पर पहुंचा, तो आरोपी ने उसके सिर और गाल पर भी पेचकस से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 118/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 118(1), 351(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें नुकीली वस्तु से चोट पहुंचना पाया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त नुकीला पेचकस बरामद कर गवाहों के समक्ष जब्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी सौरभ साहू (30), पिता दिलीप साहू, निवासी ग्राम कंडेल, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी को गिरफ्तार किया गया। धमतरी पुलिस ने बताया कि आपसी विवाद को हिंसक रूप देने, मारपीट करने और हथियारनुमा वस्तुओं से हमला करने जैसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई और प्रभावी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
