महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में आबकारी विभाग की जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से 468.2 बल्क लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब और करीब 2,000 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया है। इस सिलसिले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
आबकारी विभाग के अनुसार, उड़नदस्ता टीम ने खल्लारी क्षेत्र के आरण्ड और सरायपाली क्षेत्र के अमलीपदर जंगल में दबिश देकर यह कार्रवाई की। दोनों स्थानों पर अवैध रूप से महुआ शराब बनाने और रखने का मामला सामने आया। टीम ने दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। जब्त महुआ लाहन को नियमानुसार नष्ट करने की कार्रवाई की गई। आबकारी विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
