कबीरधाम। वनांचल क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के साथ शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए पुलिस ने पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव थाना झलमला क्षेत्र के वनांचल ग्राम समनापुर पहुंचे और ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं तथा छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए सामुदायिक पुलिसिंग के तहत लाइब्रेरी स्थापित करने की पहल भी की गई।
पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों के बीच बैठकर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय गतिविधियों की जानकारी ली। ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों को सुनकर उन्होंने थाना प्रभारी झलमला को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद व सहयोग से सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल बनाया जा सकता है। जनसंवाद के दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करते हुए उन्होंने शिक्षा, खेल और सामाजिक विकास की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की।
वनांचल के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गांव में लाइब्रेरी शुरू की जाएगी। इसके लिए जल्द उपयुक्त स्थान का निरीक्षण किया जाएगा और सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। लाइब्रेरी बनने से विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण और जरूरी संसाधन मिल सकेंगे। कार्यक्रम में थाना प्रभारी झलमला निरीक्षक अरविंद साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
