भारत-बांग्लादेश सेमीफाइनल में भिड़ंत, टीम इंडिया के रिकॉर्ड पर नजर

Follow Us

दुबई। सात बार की चैंपियन भारतीय टीम बांग्लादेश के खिलाफ महिला एशिया कप के पहले सेमीफाइनल में उतरेगी तो कड़ी मैदानी प्रतिद्वंद्विता और दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव की पृष्ठभूमि में होने वाले इस मुकाबले में हरमनप्रीत कौर की टीम का पलड़ा भारी रहेगा। बांग्लादेश में राजनीतिक बदलाव के बाद भारत और बांग्लादेश के राजनयिक संबंध तनावपूर्ण रहे हैं। दोनों देशों के बीच तनाव का असर अतीत में अक्सर क्रिकेट के मैदान पर भी देखने को मिला है और यह इस मैच में भी देखा जा सकता है।

ग्रुप में शीर्ष पर रहा था भारत
मौजूदा राजनीतिक तनाव के कारण भारतीय पुरुष टीम का बांग्लादेश दौरा कई बार स्थगित हो चुका है। जहां तक क्रिकेट का सवाल है तो भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रही है और सारे मैच जीतकर ग्रुप ए में शीर्ष स्थान हासिल किया। ग्रुप चरण में भारत ने पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 55 रन पर समेटकर सात विकेट से जीत हासिल की । भारतीय बल्लेबाजी काफी मजबूत रही है और स्मृति मंधाना ने हांगकांग के खिलाफ 64 गेंद में 124 रन बनाकर फिर साबित कर दिया कि उन्हें आधुनिक दौर के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में क्यो गिना जाता है।

शेफाली-मंधाना से उम्मीदें
महिला टी20 क्रिकेट में सबसे तेजी से 3000 रन पूरे करने वाली विस्फोटक बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने टीम को अच्छी शुरूआत देकर पावरप्ले में विरोधी टीमों को दबाव में रखा है। मध्यक्रम में कप्तान हरमनप्रीत और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने आखिरी ओवरों में अच्छे रन बनाए हैं। गेंदबाजी में भारत के पास विविधता और गहराई है। दीप्ति शर्मा महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं। उन्होंने राधा यादव और श्री चरणी के साथ मिलकर हर मैच में स्पिन का जाल बखूबी बुना है। तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर के पास भी नई गेंद से टीम को शुरुआती सफलताएं दिलाने की क्षमता है।

बांग्लादेश की तैयारी कैसी?
दूसरी ओर बांग्लादेश ने यूएई को 34 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। निगार सुल्ताना की टीम की बल्लेबाजी की कमजोरी उजागर हो गई थी जब उसके छह विकेट 55 रन पर गिर गए थे। इसके बाद शरमीन अख्तर और निगार ने पारी को संभाला। बांग्लादेश के बल्लेबाजों को भारतीय स्पिन और तेज आक्रमण के सामने अच्छा प्रदर्शन करना होगा। गेंदबाजी में राबिया खान, नाहिदा अख्तर और मारूफा अख्तर के लिए भी भारतीय बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने की कठिन चुनौती होगी। इतिहास और मौजूदा फॉर्म भले ही भारत के पक्ष में हो लेकिन टी20 प्रारूप अप्रत्याशित है और विरोधी को कतई हलके में नहीं लिया जा सकता। भारत ने अब तक सात बार यह टूर्नामेंट जीता है, जबकि श्रीलंका और बांग्लादेश एक एक बार जीत चुके हैं। श्रीलंका मौजूदा चैंपियन है और बांग्लादेश ने 2018 में खिताब जीता था।

‘कॉकरोच बन जाऊं तो जिंदगी बेहतर होगी’, विजय माल्या का चौंकाने वाला बयान

भारतीय टीम में बदलाव की संभावना कम
भारतीय टीम का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा है और टीम अजेय चल रही है। भारत तीनों मैचों में बिना किसी बदलाव के उतरी है और माना जा रहा है कि सेमीफाइनल में भी टीम प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं करेगी। दूसरी ओर, बांग्लादेश की टीम अब तक 14 खिलाड़ियों को आजमा चुकी है जिसमें 17 वर्षीय ऑलराउंडर फरजाना ईस्मीन भी शामिल हैं जिन्होंने डेब्यू किया था। माना जा रहा है कि बांग्लादेश भी इस मुकाबले के लिए टीम में बड़े बदलाव नहीं करेगा।

इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, क्रांति गौड़, चरणी, नंदिनी शर्मा।
बांग्लादेश: जुआरिया फरडोस, निगार सुल्ताना (कप्तान और विकेटकीपर), शोभना मोस्तारी, दिलारा अख्तर, शोरना अख्तर, राबिया खान, शर्मिन अख्तर, नाहिदा अख्तर, सुल्ताना खातून, मारुफा अख्तर, फाहिमा खातून।

दिल्ली के PG हादसे में दुर्ग के युवराज सोनी की मौत, भूपेश बघेल और अरुण वोरा पहुंचे परिजनों से मिलने

आइए जानते हैं इस मैच से जुड़ी लाइव स्ट्रीमिंग के बारे में सभी जानकारी…
भारत और बांग्लादेश के बीच महिला एशिया कप का सेमीफाइनल कब खेला जाएगा?
भारत और बांग्लादेश के बीच महिला एशिया कप का सेमीफाइनल 10 सितंबर को खेला जाएगा।

भारत और बांग्लादेश के बीच महिला एशिया कप का सेमीफाइनल कहां खेला जाएगा?
भारत और बांग्लादेश के बीच महिला एशिया कप का सेमीफाइनल दुबई के दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

भारत और बांग्लादेश के बीच महिला एशिया कप का सेमीफाइनल कितने बजे शुरू होगा?
भारत और बांग्लादेश के बीच महिला एशिया कप का सेमीफाइनल भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा। टॉस इससे आधा घंटा पहले यानी शाम 7:30 बजे होगा।