रायपुर में स्वाइन फ्लू का बढ़ा असर, प्रदेश में एक दिन में 46 नए मरीज मिले; कुल संख्या 298 पहुंची

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में एक दिन में 46 नए पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। इनमें रायपुर में सबसे ज्यादा 19 मामले दर्ज किए गए। जनवरी 2026 से अब तक राज्य में स्वाइन फ्लू के कुल 298 मरीज मिल चुके हैं। रायपुर में कुल मामलों की संख्या 127 हो गई है, जो प्रदेश के सभी जिलों में सबसे अधिक है। नए मामलों की बात करें तो बिलासपुर में 3, बलौदाबाजार में 2, बस्तर में 2, दुर्ग में 4, जांजगीर-चांपा में 1, कोंडागांव में 1, कोरबा में 3, महासमुंद में 2, मुंगेली में 1, रायपुर में 19, राजनांदगांव में 2 और सरगुजा में 1 मरीज मिला है। वहीं, दूसरे राज्यों से भी 5 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं।

प्रदेश में फिलहाल 113 मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें 32 मरीज होम आइसोलेशन में हैं, जबकि 81 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जनवरी से 8 सितंबर 2026 तक राज्य में स्वाइन फ्लू के 298 मामले सामने आए हैं। राहत की बात यह है कि अब तक इस बीमारी से किसी मरीज की मौत दर्ज नहीं की गई है।