रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) का तबादला किया है। स्कूल शिक्षा विभाग के अवर सचिव आरपी वर्मा ने मंगलवार देर शाम तबादला आदेश जारी किया। डीईओ के तबादले को लेकर पिछले कई दिनों से चर्चाएं चल रही थीं। अब विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी कर नई पदस्थापनाओं की जानकारी सामने रख दी है।
विभाग के मुताबिक, प्रशासनिक जरूरतों और विभागीय कामकाज को बेहतर तरीके से संचालित करने के उद्देश्य से अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। तबादले के बाद संबंधित अधिकारियों को अपने नए पदस्थापना स्थल पर जल्द कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी जिले में स्कूलों के संचालन, शिक्षकों से जुड़े मामलों, परीक्षा व्यवस्था और विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं के क्रियान्वयन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालते हैं।
ऐसे में डीईओ स्तर पर हुए बदलाव को शिक्षा विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकार की ओर से समय-समय पर प्रशासनिक व्यवस्था में कसावट लाने के लिए अधिकारियों के तबादले किए जाते हैं। विभाग ने भी स्पष्ट किया है कि यह फेरबदल प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है और इसका उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था तथा विभागीय कामकाज को अधिक प्रभावी बनाना है।
