हेल्दी नाश्ते के लिए बनाएं रागी ढोकला, इस आसान तरीके से बनेगा मुलायम और फूला हुआ

Follow Us

नई दिल्ली। रोज-रोज एक जैसा नाश्ता खाने से अगर आप भी बोर हो गए हैं, तो रागी से बना ढोकला ट्राई कर सकते हैं। यह स्वादिष्ट होने के साथ नाश्ते में एक पौष्टिक विकल्प भी है। रागी में कैल्शियम और प्रोटीन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। खास तरीके से तैयार किया गया इसका बैटर ढोकले को नरम और स्पंजी बनाने में मदद करता है। इसे हरी चटनी या दही के साथ परोसा जा सकता है।

जरूरी सामग्री
रागी का आटा 1 कप, सूजी आधा कप, दही आधा कप, पानी आधा से तीन-चौथाई कप, अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट 1 छोटा चम्मच, हल्दी आधा छोटा चम्मच, नमक स्वादानुसार, ईनो 1 छोटा चम्मच और नींबू का रस 1 छोटा चम्मच लें। तड़के के लिए 1 बड़ा चम्मच तेल, आधा छोटा चम्मच राई, 1 छोटा चम्मच तिल, 8-10 करी पत्ते और 2 हरी मिर्च लें।

ऐसे तैयार करें रागी ढोकला
एक बड़े बर्तन में रागी का आटा, सूजी, दही, हल्दी, नमक और अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट डालकर मिलाएं। अब इसमें धीरे-धीरे पानी डालते हुए ऐसा घोल बनाएं जो न ज्यादा पतला हो और न बहुत गाढ़ा। बैटर को करीब 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें। इसी बीच स्टीमर में पानी गर्म कर लें और ढोकला बनाने वाली प्लेट को थोड़ा तेल लगाकर तैयार रखें। अब बैटर में नींबू का रस और ईनो डालें। इसे ज्यादा देर तक न रखें और हल्के हाथों से अच्छी तरह मिलाकर तुरंत प्लेट में डाल दें। स्टीमर में रखकर मध्यम आंच पर लगभग 15-20 मिनट पकाएं। पकने के बाद चाकू या टूथपिक से जांच करें। अगर वह साफ बाहर आ जाए, तो ढोकला अच्छी तरह तैयार हो चुका है।

इसके बाद तड़का तैयार करें। पैन में तेल गर्म करके राई और तिल डालें। इनके चटकने पर करी पत्ता और लंबाई में कटी हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड भूनें। इस तड़के को तैयार ढोकले पर डाल दें। ढोकले को टुकड़ों में काटकर हरी चटनी या दही के साथ सर्व करें।