कोरबा। मुड़ापार स्थित आरजी पेट्रोल पंप में ड्यूटी के दौरान अचानक लापता हुए कर्मचारी का शव पानी की टंकी में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 39 वर्षीय ओम प्रकाश यादव के रूप में हुई है। वह राताखार का रहने वाला था और मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले का निवासी बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, ओम प्रकाश पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डालने का काम करता था और घटना के समय सेकंड शिफ्ट में ड्यूटी पर तैनात था।
पेट्रोल पंप पर उस वक्त तीन कर्मचारी मौजूद थे। इसी दौरान ओम प्रकाश अचानक वहां से गायब हो गया। काफी देर तक उसके वापस नहीं आने पर साथी कर्मचारियों ने तलाश शुरू की और संचालक को इसकी जानकारी दी। खोजबीन के दौरान पेट्रोल टंकी से लगी पानी की टंकी में ओम प्रकाश का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बताया जा रहा है कि पानी की टंकी में पानी के साथ पेट्रोल भी मौजूद था और शव से पेट्रोल की दुर्गंध आने की बात सामने आई है। मृतक के शराब सेवन करने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, वह पानी की टंकी तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
