कन्या छात्रावास में अधीक्षक की गैरमौजूदगी से बिगड़ी व्यवस्था, 38 छात्राएं लौटीं घर

Follow Us

मानपुर-मोहला। मानपुर ब्लॉक के वनांचल क्षेत्र नवागांव स्थित शासकीय प्री-कन्या छात्रावास में रविवार को व्यवस्थाओं को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। आरोप है कि छात्रावास की अधीक्षक बिना पूर्व सूचना दिए ड्यूटी से चली गईं और उनके जाने के बाद कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। इसके चलते रविवार शाम भोजन की व्यवस्था प्रभावित होने की बात सामने आई।

छात्रावास में कुल 40 बालिकाएं रह रही थीं, जिनमें से 38 छात्राएं अपने माता-पिता के साथ घर लौट गईं, जबकि दो छात्राएं छात्रावास में ही रहीं। मामले की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और पालक छात्रावास परिसर पहुंचे और छात्राओं के भोजन, सुरक्षा तथा अन्य सुविधाओं को लेकर नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की।

ग्रामीण हेमंत कुमार मेश्राम के अनुसार, शाम को छात्रावास की छात्राओं के परिजनों के साथ घर लौटने की जानकारी मिली। कर्मचारियों से पूछताछ में अधीक्षक के छात्रावास से चले जाने की बात सामने आने का दावा किया गया। वहीं कृष्णा मोहुरले ने कहा कि कई छात्राएं 10 से 15 किलोमीटर दूर से पढ़ाई के लिए यहां रहती हैं, ऐसे में अधीक्षक की अनुपस्थिति से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने स्थायी अधीक्षक की नियुक्ति और छात्रावास की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग की।

शिक्षा मंत्री के दौरे से पहले व्यवस्था पर उठे सवाल

प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव का सोमवार को जिले में पहला आधिकारिक दौरा प्रस्तावित है। ऐसे में दौरे से एक दिन पहले छात्रावास में सामने आई अव्यवस्था ने प्रशासनिक निगरानी और छात्रावास संचालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों और पालकों ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने के साथ नियमित भोजन, सुरक्षा और जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की है। हालांकि, अधीक्षक के छात्रावास छोड़कर जाने के कारण और पूरे घटनाक्रम को लेकर संबंधित विभाग या प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।