भारतीय शेयर बाजार में फिर मची हड़कंप; निवेशकों को ₹10 लाख करोड़ का लगा चूना, जाने सेंसेक्स-निफ्टी का हाल

Follow Us

नई दिल्ली। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। बेंचमार्क सेंसेक्स और निफ्टी में करीब दो प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1470.50 अंक या 1.93 प्रतिशत गिरकर 74,563.92 पर बंद हुआ। इसी तरह, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 488.05 अंक या 2.06 प्रतिशत गिरकर 23,151.10 पर बंद हुआ। रुपया 20 पैसे गिरकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.45 (अस्थायी) के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ। तेज बिकवाली के चलते बीएसई में सूचीबद्ध सभी कंपनियों के कुल बाजार पूंजीकरण से करीब 10 लाख करोड़ रुपये साफ हो गए। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा कि पश्चिम एशियाई संघर्ष को लेकर जारी अनिश्चितता के चलते वैश्विक बाजार कमजोर और अनिश्चित स्थिति में हैं। अमेरिकी बाजारों में कमजोरी इस बात का संकेत देती है कि बाजार में सुधार आने में अभी कुछ समय लगेगा। ब्रेंट क्रूड का भाव लगभग 100 अमेरिकी डॉलर के आसपास होने से तेजी का रुख बना हुआ है। उन्होंने कहा कि एफआईआई द्वारा अपनी निरंतर बिकवाली रणनीति को जारी रखने के कारण, यहां तक कि लार्ज-कैप ब्लू-चिप्स भी दबाव में हैं। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.07 प्रतिशत बढ़कर 100.5 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।