गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई दोस्ती के बाद मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले से गौरेला पहुंची 17 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप गौरेला थाना क्षेत्र के ही एक नाबालिग युवक पर लगा है। पीड़िता की शिकायत के बाद गौरेला पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, अनूपपुर जिले की रहने वाली किशोरी की इंस्टाग्राम के माध्यम से गौरेला क्षेत्र के नाबालिग युवक से पहचान हुई थी। दोनों के बीच सोशल मीडिया पर लगातार बातचीत होने लगी।
इसी दौरान युवक ने कथित तौर पर किशोरी को मिलने के लिए गौरेला बुलाया। किशोरी उसके बुलावे पर गौरेला पहुंची, जहां उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। घटना के बाद किशोरी अपने घर वापस पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन किशोरी को लेकर गौरेला थाना पहुंचे और पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
दोनों नाबालिग, पुलिस जांच में जुटी
मामले की खास बात यह है कि पीड़िता और आरोपी दोनों नाबालिग हैं। ऐसे में पुलिस मामले की जांच किशोर न्याय से जुड़े प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए कर रही है। पुलिस सोशल मीडिया पर दोनों के बीच हुई बातचीत, मुलाकात से जुड़ी परिस्थितियों और घटना से संबंधित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। गौरेला थाना प्रभारी शनिप रात्रे ने बताया कि शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज किया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना ने सोशल मीडिया पर नाबालिगों की बढ़ती सक्रियता और ऑनलाइन दोस्ती को लेकर अभिभावकों की चिंता भी बढ़ा दी है।
