रायपुर । राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित होटल रॉयल कैसल में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब होटल के स्टोर रूम से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और काला धुआं पूरी बिल्डिंग में फैल गया। गनीमत रही कि समय रहते रेस्क्यू शुरू कर दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। आगजनी का कारण पुलिस द्वारा शार्टसर्किट बताया जा रहा है।
डीएसपी ग्रामीण वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया, कि गुरुवार की शाम चार बजे आग होटल के ग्राउंड फ्लोर पर बने स्टोर रूम में लगी थी। स्टोर में रखे ज्वलनशील और सूखे सामान के कारण आग तेजी से फैली और पहली मंजिल को भी अपनी चपेट में ले लिया।
होटल के अंदर धुआं भरते ही चीख-पुकार मच गई। होटल स्टाफ और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से अंदर मौजूद सभी मेहमानों और कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
