बोडग़ा में PM आवास योजना पर उठे सवाल, 124 से ज्यादा आदिवासी परिवारों के मकान अब भी अधूरे

Follow Us

बीजापुर। इंद्रावती नदी के पार भैरमगढ़ जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत इतामपार के आश्रित ग्राम बोडग़ा में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर कथित अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने आरोप लगाया है कि 124 से अधिक गरीब आदिवासी परिवारों के नाम पर आवास स्वीकृत होने के बाद उनकी किस्तों की राशि निकाल ली गई, लेकिन अब तक कई मकानों का निर्माण पूरा नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत विधायक से की थी, जिसके बाद उन्होंने जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने विधायक की अध्यक्षता में सात सदस्यीय जांच दल गठित किया।

प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर जांच दल 3 सितंबर 2026 को इंद्रावती नदी पार कर बोडग़ा पहुंचा और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से मुलाकात की। ग्रामीणों ने जांच दल के सामने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत के सचिव कोमल निषाद और सरपंच बोटीराम उन्हें बैंक और आधार सेवा केंद्र लेकर गए थे। वहां उनके खातों से आवास योजना की पहली किस्त के 30 हजार और दूसरी किस्त के 55 हजार रुपये निकलवाए गए। हितग्राहियों का आरोप है कि मकान बनाकर देने की बात कहकर उनसे पूरी रकम वापस ले ली गई और प्रत्येक परिवार को केवल 500 रुपये दिए गए। ग्रामीणों के अनुसार, एक साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उनके मकान अधूरे हैं।

मौके पर स्थिति देखने के बाद जांच दल के संयोजक विक्रम मंडावी ने प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गरीब आदिवासी परिवारों के पक्के मकान के लिए मिली सरकारी राशि का कथित रूप से दुरुपयोग किया गया है। विधायक के मुताबिक बोडग़ा लंबे समय तक नक्सल प्रभावित क्षेत्र रहा है और ऐसे इलाकों में सरकारी योजनाओं की पहुंच बनने के बाद यदि हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलता, तो यह गंभीर विषय है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक जांच और प्रशासनिक कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं है। जांच पूरी होने के बाद ही यह सामने आएगा कि आवास योजना की राशि के वितरण और निर्माण कार्य में वास्तव में किस स्तर पर अनियमितता हुई। मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडिय़म, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे, बसंत राव ताटी, लच्छू राम मौर्य, जनपद सदस्य नीलो लेकाम, सहदेव नेगी, विधायक प्रतिनिधि जगदेव यादव सहित कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण व आवास योजना के हितग्राही मौजूद रहे।