ईवीएम विवाद पर विजय शर्मा का कांग्रेस पर पलटवार, बोले- जीत में मशीन सही तो हार में सवाल क्यों?

Follow Us

रायपुर। निकाय चुनाव में ईवीएम के इस्तेमाल को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब ईवीएम के जरिए चुनाव जीतकर सरकार बनती है, तब उसी व्यवस्था को सही माना जाता है, लेकिन हार मिलने पर मशीन को जिम्मेदार ठहराया जाता है। विजय शर्मा ने कांग्रेस को सलाह दी कि चुनाव परिणाम के लिए ईवीएम को दोष देने के बजाय पार्टी को अपनी हार के कारणों पर विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर ईमानदारी से सेवा करने पर उसका सकारात्मक परिणाम जरूर मिलता है।

जशपुर में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र को लेकर सख्ती, कलेक्टर ने तय समय में जारी करने के दिए निर्देश

कांग्रेस के शक्कर को लेकर किए जा रहे विरोध और सत्याग्रह पर भी गृह मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि शक्कर की कीमतों में कमी आई है और बाजार में दामों का ऊपर-नीचे होना सामान्य प्रक्रिया है। विजय शर्मा के मुताबिक, ऐसे विषय को राजनीतिक मुद्दा बनाना कांग्रेस की जल्दबाजी वाली राजनीति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर राजनीति करने के बजाय वास्तविक परिस्थितियों को समझना जरूरी है।

बस्तर फाइटर भर्ती के मुद्दे पर विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर की आवश्यकताओं को सभी लोग समझते हैं और सुरक्षा बलों में लगातार भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र में स्थानीय बोली-भाषा और परिस्थितियों की जानकारी रखने वाले युवाओं की जरूरत है। स्थानीय युवाओं ने सुरक्षा बलों के साथ मिलकर नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और उनकी भागीदारी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में उपयोगी साबित हो रही है।