कॉलेज छात्रा का पीछा कर छेड़छाड़ और धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार, पुलिस ने बाइक-मोबाइल किया जब्त

Follow Us

बलौदाबाजार। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चल रही पुलिस कार्रवाई के बीच सिटी कोतवाली पुलिस ने कॉलेज छात्रा का पीछा करने, रास्ता रोककर छेड़छाड़ करने और जान से मारने व बदनाम करने की धमकी देने के आरोप में 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार छात्रा ने शिकायत में बताया कि कॉलेज आने-जाने के दौरान आरोपी रोशन सिंह राजपूत लगातार उसका पीछा करता था। वह जबरन बातचीत करने की कोशिश करता और हाथ पकड़कर छेड़छाड़ भी करता था। छात्रा द्वारा बातचीत से इनकार करने पर आरोपी उसे जान से मारने और बदनाम करने की धमकी देता था। फोन के जरिए भी उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान किए जाने की बात शिकायत में सामने आई।

शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 720/2026 के तहत बीएनएस की धारा 78(1), 79 और 351(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद आरोपी की घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई लाल रंग की मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 KR 9895 और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोशन सिंह राजपूत, पिता उदय सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम रवान, वार्ड नंबर 14, थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार के रूप में हुई है। उसे 1 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पीड़िता की सुरक्षा और निजता को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने उसकी पहचान और पता पूरी तरह गोपनीय रखा है।