गरियाबंद। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। इंदागांव थाना क्षेत्र में ऑपरेशन निश्चय के तहत की गई घेराबंदी के दौरान उड़ीसा से स्कूटी पर गांजा लेकर आ रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 19.840 किलोग्राम गांजा, एक स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 10 लाख 52 हजार रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक उड़ीसा से अवैध मादक पदार्थ लेकर इंदागांव की ओर आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस ने सीमावर्ती मार्ग पर घेराबंदी की। इसी दौरान नीले-काले-हरे रंग की TVS NTORQ स्कूटी को रोककर उसमें सवार दोनों युवकों की तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान आरोपियों के बैग से सेलो टेप से पैक किए गए गांजे के पैकेट बरामद हुए। एक आरोपी के कब्जे से 8.940 किलोग्राम और दूसरे आरोपी के पास से 10.900 किलोग्राम गांजा मिला।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मौके से गांजा, स्कूटी, दो मोबाइल फोन सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए। आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दोनों आरोपी कालाहांडी के रहने वाले
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भवानी शंकर नाईक (34 वर्ष), पिता भारत नाईक और मुकेश पटेल (34 वर्ष), पिता महेंद्र पटेल के रूप में हुई है। दोनों आरोपी गांधी ग्राम पाड़ा, थाना जयपटना, जिला कालाहांडी (उड़ीसा) के निवासी बताए गए हैं।
बस्तर के जमीनी मुद्दों को लेकर जल्द ही कांग्रेस के बड़े नेता राहुल गांधी पहुँच सकते है बस्तर
अंतर्राज्यीय तस्करी की कड़ियों की जांच जारी
पूरी कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देश और पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। सीमावर्ती इलाकों में पुलिस की लगातार निगरानी, सक्रिय मुखबिर तंत्र और त्वरित कार्रवाई के चलते तस्करों को भागने का मौका नहीं मिला।फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क की कड़ियों की जांच कर रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन जांच और निगरानी आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
