मुंबई। अली फजल और पंकज त्रिपाठी स्टारर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ रिलीज से पहले सेंसर बोर्ड की जांच के दौर से गुजर चुकी है। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने फिल्म को प्रमाणपत्र देने से पहले कई बदलाव करने के निर्देश दिए। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म के कुछ अंतरंग दृश्यों की अवधि कम की गई है, जबकि कई आपत्तिजनक शब्दों और गालियों में भी बदलाव किया गया है। बताया जा रहा है कि दो दृश्यों में करीब 35 सेकंड की कटौती की गई है। इसके अलावा कुछ शब्दों को बदलने और कई जगहों पर अपशब्दों को म्यूट करने के निर्देश दिए गए।
खास बात यह है कि बोर्ड ने फिल्म के हिंसक या खूनी दृश्यों पर कोई कट नहीं लगाया है। सभी जरूरी बदलावों के बाद फिल्म को ‘A’ सर्टिफिकेट दिया गया है, यानी इसे केवल 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के दर्शक ही देख सकेंगे। फिल्म की कुल अवधि करीब 197 मिनट 19 सेकंड यानी 3 घंटे 17 मिनट 19 सेकंड बताई गई है। गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में अली फजल, पंकज त्रिपाठी के साथ दिव्येंदु, रवि किशन समेत कई कलाकार नजर आएंगे। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
