पूर्व अपराधियों और आदतन बदमाशों की थाने में परेड, पुलिस ने दी दोबारा अपराध न करने की सख्त चेतावनी

Follow Us

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अपराधों पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस ने निगरानीशुदा बदमाशों और पूर्व अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। थाना बरमकेला में पूर्व अपराधियों, निगरानी बदमाशों, गुंडा एवं आदतन अपराधियों की विशेष परेड आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने उन्हें कानून का पालन करने और आपराधिक गतिविधियों से पूरी तरह दूर रहने की कड़ी समझाइश दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में कोई व्यक्ति दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ बिना किसी नरमी के वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल, एसडीओपी गोविंद दीवान एवं संतोष ग्रेस के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में बरमकेला, सरिया और डोंगरीपाली थाना क्षेत्रों के कुल 20 निगरानीशुदा एवं पूर्व अपराधियों को थाना परिसर में बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने उनसे वर्तमान निवास, रोजगार, दैनिक गतिविधियों और आपराधिक पृष्ठभूमि से संबंधित जानकारी ली। इस दौरान अवैध शराब बिक्री, मारपीट, जुआ-सट्टा, चोरी, धमकी सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने कहा कि अपराध छोड़कर सामान्य और सम्मानजनक जीवन जीने की इच्छा रखने वाले लोगों को समाज की मुख्यधारा में लौटने के लिए सहयोग दिया जाएगा, लेकिन अपराध की दुनिया में वापस लौटने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिला पुलिस के अनुसार अपराध नियंत्रण के लिए निगरानी के साथ-साथ सुधार की रणनीति पर भी काम किया जा रहा है। थाना बरमकेला में आयोजित यह विशेष परेड इसी अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य अपराध की पुनरावृत्ति को रोकना, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और आम नागरिकों के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपराधिक गतिविधियों में दोबारा शामिल होने वालों पर लगातार नजर रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।