जशपुर में बनेगा आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम, 5.49 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति

Follow Us

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से जशपुर जिले में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिला मुख्यालय जशपुर में आधुनिक सुविधाओं से लैस फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने 5 करोड़ 49 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री की पहल पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में विभाग ने स्टेडियम निर्माण को मंजूरी दी है। इस नए स्टेडियम के बनने से जिले के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने और जिला स्तर से आगे बढ़कर राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का बेहतर मंच मिलेगा।

जशपुर जिले में फुटबॉल के प्रति खिलाड़ियों और युवाओं में खासा उत्साह और रुचि है। ऐसे में आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम का निर्माण जिले में खेल गतिविधियों को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यहां नियमित प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और विभिन्न खेल आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। सरकार की ओर से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। स्टेडियम निर्माण की यह स्वीकृति जशपुर में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है और इससे जिले के युवा खिलाड़ियों को अपने हुनर को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।