ताशकंद पहुंचे मोदी, राष्ट्रपति मिर्ज़ियोयेव ने हवाई अड्डे पर किया स्वागत

Follow Us

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उज्बेकिस्तान और किर्गिज गणराज्य की चार दिन की यात्रा के पहले चरण में शनिवार शाम ताशकंद पहुंचे जहां हवाई अड्डे पर उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्ज़ियोयेव ने स्वयं उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए राष्ट्रपति मिर्ज़ियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे।

इसमें मुख्य रूप से व्यापार और निवेश, डिजिटल संपर्क, रक्षा, ऊर्जा में सहयोग को और मजबूत करने तथा विकसित भारत और ‘ यांगि उज़्बेकिस्तान ‘ के साझा दृष्टिकोणों को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज़ में शास्त्री स्मारक और महात्मा गांधी केंद्र जाने का भी कार्यक्रम है। वह यांगी में स्मारक स्थल जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे।

राष्ट्रपति मिर्ज़ियोयेव उनके सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन करेंगे। दो दिन की यात्रा संपन्न होने के बाद मोदी दूसरे चरण में किर्गिज़ गणराज्य के राष्ट्रपति सादिर झापारोव के निमंत्रण पर 26वें एससीओ शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए बिश्केक की यात्रा करेंगे जो इस महत्वपूर्ण संगठन के 25 वर्ष पूरे होने का प्रतीक है। भारत 2017 से एससीओ का सक्रिय और रचनात्मक सदस्य रहा है।

मोदी ने दो देशों की यात्रा पर रवाना होने से पहले विश्वास व्यक्त किया कि उनकी यात्रा से मध्य एशिया में भारत की रणनीतिक साझेदारी मजबूत होगी। उन्होंने कहा,” मुझे विश्वास है कि यह यात्रा मध्य एशिया में भारत की रणनीतिक साझेदारियों को मजबूत करेगी, क्षेत्र के साथ हमारे सभ्यतागत जुड़ाव को गहरा करेगी, और शांति, स्थिरता तथा समृद्धि की हमारी साझा खोज को आगे बढ़ाएगी – वे मूल्य जो विश्व के साथ भारत के जुड़ाव के केंद्र में हैं।”