विशाखापटट्नम। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने रविवार को विशाखापत्तनम में ‘फिट इंडिया रविवार साइकिल यात्रा के 87वें संस्करण के तहत आयोजित ब्रिक्स मैत्री साइकिल यात्रा का नेतृत्व किया। यह कार्यक्रम भारत की मेजबानी में आयोजित ब्रिक्स युवा एवं खेल मंत्रियों की बैठक से इतर आयोजित किया गया।
इस साइकिल यात्रा में मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, संयुक्त अरब अमीरात, ईरान और दक्षिण अफ्रीका के मंत्रियों तथा विभागाध्यक्षों ने भाग लिया।कार्यक्रम ने ब्रिक्स देशों के बीच मित्रता, सहयोग और आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। इस सप्ताह आयोजित ‘फिट इंडिया रविवार साइकिल यात्रा का विषय ‘उन्नत भारत अभियान रखा गया था। डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना वाला ‘फिट इंडिया अभियान लगातार देशभर में विस्तार पा रहा है। उन्होंने बताया कि रविवार को देश के 18 हजार से अधिक स्थानों पर युवाओं ने साइकिल चलाकर स्वास्थ्य और फिटनेस का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना एक बेहतरीन व्यायाम है। इससे यातायात की समस्या कम करने, प्रदूषण घटाने और ईंधन की बचत में मदद मिलती है। साइकिल का अधिक उपयोग देश की विदेशी मुद्रा बचाने में भी योगदान दे सकता है। डॉ. मांडविया ने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित भारत के निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्वस्थ और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए शारीरिक सक्रियता और स्वास्थ्य बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा, जब व्यक्ति स्वस्थ रहता है तो समाज स्वस्थ रहता है और एक स्वस्थ समाज एक समृद्ध राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी लोगों को नियमित रूप से शारीरिक गतिविधियों में हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने लोगों से प्रत्येक रविवार को साइकिल चलाकर स्वयं को स्वस्थ रखने का आग्रह किया।
ब्रिक्स देशों से आए मंत्रियों और विभागाध्यक्षों ने ‘फिट इंडिया रविवार साइकिल यात्रा की देशव्यापी पहुंच की सराहना की। उन्होंने भारत में समुदाय स्तर तक साइकिल चलाने की गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए डॉ. मांडविया को बधाई दी। विशाखापत्तनम में आयोजित मैत्री साइकिल यात्रा ने ब्रिक्स देशों के बीच खेल, स्वास्थ्य और युवा गतिविधियों के माध्यम से सहयोग को मजबूत करने का संदेश दिया।
‘फिट इंडिया रविवार साइकिल यात्रा का 87वां संस्करण रविवार को नई दिल्ली, लेह, कारगिल और पोर्ट ब्लेयर सहित देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने ‘नशा मुक्त भारत की शपथ भी ली। युवाओं ने मादक पदार्थों के सेवन के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
नई दिल्ली में प्रतिष्ठित मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 5:30 बजे शुरू हुई विभिन्न स्वास्थ्य गतिविधियों में एक हजार से अधिक नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में योग, नृत्य आधारित व्यायाम और रस्सी कूद जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके बाद इंडिया गेट के आसपास पांच किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा निकाली गई। भारतीय हैंडबॉल टीम के पूर्व कप्तान और प्रशिक्षक नवीन पुनिया तथा नृत्य एवं व्यायाम प्रशिक्षक शिविका अश्विनी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों के लिए विशेष खेल क्षेत्र भी तैयार किया गया। इसमें कैरम, शतरंज, बैडमिंटन, रस्साकशी और बाधा दौड़ जैसी खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों में पांच वर्ष से लेकर 85 वर्ष तक की आयु के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इससे कार्यक्रम में सभी आयु वर्ग के लोगों की भागीदारी देखने को मिली।
‘फिट इंडिया रविवार साइकिल यात्रा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘फिट इंडिया अभियान के तहत संचालित प्रमुख पहल है। इसका आयोजन भारतीय साइकिलिंग महासंघ, राहगिरी फाउंडेशन और ‘मेरा भारत के सहयोग से किया जाता है। यह साइकिल अभियान सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक साथ आयोजित किया जाता है। इसमें भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय केंद्र, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रशिक्षण केंद्र, खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्र और खेलो इंडिया केंद्र भी भाग लेते हैं।
इस अभियान का उद्देश्य लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करने के साथ साइकिलिंग को स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली के रूप में बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से यातायात और प्रदूषण कम करने, ईंधन की खपत घटाने तथा नागरिकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया जा रहा है। विशाखापत्तनम में आयोजित ब्रिक्स मैत्री साइकिल यात्रा ने इस अभियान को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देते हुए खेल और स्वास्थ्य के साथ भारत के ब्रिक्स साझेदार देशों के बीच मित्रता और सहयोग का संदेश भी मजबूत किया।
००
