नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और भारत की अंतरिक्ष यात्रा की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि, देश की अंतरिक्ष क्षमता लगातार मजबूत हो रही है और यह उपलब्धियां युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल रही हैं।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर संदेश साझा करते हुए देशवासियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, नवाचार को बढ़ावा देने और नई सीमाओं की तलाश करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि, भारत को अंतरिक्ष क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहना चाहिए।
मोदी ने विशेष रूप से युवाओं की प्रतिभा और रचनात्मक सोच पर भरोसा जताते हुए उन्हें विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में नए प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि, भारत की अंतरिक्ष यात्रा केवल वैज्ञानिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का भी प्रतीक है। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस हर वर्ष 23 अगस्त को मनाया जाता है। यह दिन चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक सफलता की स्मृति में भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों और वैज्ञानिकों के योगदान को सम्मानित करने का अवसर भी है।
बंगाल की खाड़ी में समंदर में समाया मालवाहक जहाज, 24 नाविक सवार; रेस्क्यू जारी
