नयी दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिण परिसर पुलिस थाना इलाके के तहत सत्य निकेतन में एक होटल के कमरे में सेना का 26 वर्षीय जवान मृत पाया गया। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। दिल्ली पुलिस के अनुसार शनिवार को अपराह्न करीब 12:19 बजे पीसीआर पर सूचना मिली कि सत्य निकेतन के होटल ब्लू मून इन में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
इसके बाद पुलिस की एक टीम होटल पहुंची और एक व्यक्ति को छत के पंखे से लटका हुआ पाया। उसकी पहचान आंध्र प्रदेश के गुंटूर निवासी अनिल साई तेजा वल्लेपु के रूप में हुई, जो सेना में कार्यरत थे और हिसार में तैनात थे। पुलिस ने बताया कि मृतक 19 अगस्त को होटल में ठहरा था।अपराध शाखा की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद किया।पुलिस ने कहा कि नोट में किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया गया है।
इसके बाद शव को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने कहा कि कानून के अनुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस ) की धारा 194 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
