मुंबई। नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ की रिलीज डेट का आखिरकार ऐलान कर दिया गया है। नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित इस फिल्म का पहला भाग 6 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगा। निर्माताओं ने रिलीज डेट की घोषणा के साथ फिल्म का नया इंग्लिश ट्रेलर भी जारी किया है। इंग्लिश ट्रेलर में कलाकार अपने किरदारों के संवाद अंग्रेजी में बोलते नजर आ रहे हैं। निर्माताओं का कहना है कि इसका उद्देश्य फिल्म को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाना है। फिल्म का दूसरा भाग दिवाली 2027 के आसपास रिलीज होने की उम्मीद है, हालांकि इसकी सटीक तारीख अभी सामने नहीं आई है।
फिल्म की कहानी भारतीय महाकाव्य रामायण पर आधारित है। जारी फुटेज में यश को रावण, रणबीर कपूर को भगवान राम और साई पल्लवी को माता सीता के किरदार में दिखाया गया है। वहीं रवी दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। कहानी में राम के वनवास, सीता हरण और राम-रावण के बीच होने वाले संघर्ष को प्रमुखता से दिखाया जाएगा। फिल्म को लेकर रणबीर कपूर पहले ही कह चुके हैं कि रामायण जैसी विशाल कहानी को केवल दो फिल्मों में समेटना बड़ी चुनौती है। उनके मुताबिक, इस महाकाव्य में अच्छाई-बुराई की जीत, सत्य, करुणा, साहस और अहंकार जैसे कई ऐसे विषय हैं, जो आज भी प्रासंगिक हैं।
