नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि, भारत की विकास यात्रा में राजीव गांधी की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि, राजीव गांधी ने भारत को आधुनिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में काम किया। उन्होंने खास तौर पर सूचना प्रौद्योगिकी, कंप्यूटर और दूरसंचार के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।
राजीव गांधी की जयंती को देशभर में सद्भावना दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत पार्टी के कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भी राजीव गांधी को याद करते हुए कहा कि, उन्होंने युवाओं और आधुनिक तकनीक को देश के विकास से जोड़ने पर जोर दिया था। वहीं, पवन खेड़ा और उमंग सिंघार ने भी उनके तकनीकी विकास, पंचायती राज और युवा सशक्तिकरण से जुड़े योगदान को याद किया। राजनाथ सिंह की ओर से राजीव गांधी के योगदान की प्रशंसा राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई है।
