चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को राज्य की जनता और दूध उत्पादकों के लिए दो अहम घोषणाएं कीं। सरकार ने मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत सालाना स्वास्थ्य बीमा कवर को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने का फैसला किया है। वहीं, सरकारी डेयरी कंपनी आविन के लिए दूध खरीद मूल्य में भी बढ़ोतरी की गई है। स्वास्थ्य बीमा कवर में पांच गुना इजाफे की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं हर व्यक्ति का अधिकार हैं। सरकार का लक्ष्य आर्थिक स्थिति और क्षेत्र की परवाह किए बिना लोगों तक बेहतर इलाज की सुविधा पहुंचाना है।
रक्षाबंधन 2026: 27 को पूर्णिमा, फिर 28 को ही क्यों बंधेगी राखी? जानें सही तिथि और शुभ मुहूर्त
इसके साथ ही दूध उत्पादकों के लिए भी राहत भरा फैसला लिया गया है। आविन अब किसानों से 41 रुपये प्रति लीटर की दर से दूध खरीदेगा। पहले यह कीमत 38 रुपये प्रति लीटर थी। इसमें सरकार की ओर से 3 रुपये प्रति लीटर की प्रोत्साहन राशि शामिल होगी। सरकार के अनुसार, इस फैसले से राज्य के 3.16 लाख से अधिक दूध उत्पादकों को फायदा मिलने की उम्मीद है। दूध खरीद मूल्य बढ़ाने से सरकारी खजाने पर हर महीने करीब 30 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। विधानसभा में नियम 110 के तहत घोषणा करते हुए विजय ने आर्थिक चुनौतियों के बावजूद किसानों और आम लोगों के हित में फैसले लेने की बात कही। साथ ही उन्होंने पिछली डीएमके सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए।
