बीजापुर। नक्सल मुक्त बीजापुर के पहले स्वतंत्रता दिवस पर जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह मिनी स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां बस्तर सांसद महेश कश्यप ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के बाद आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर स्वतंत्रता दिवस की खुशी मनाई गई।
मुख्यमंत्री के संदेश का किया गया वाचन
मुख्य अतिथि महेश कश्यप ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश पढ़कर सुनाया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जिले के विकास और राष्ट्र निर्माण में सभी से सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान
नक्सल उन्मूलन अभियान में शहीद हुए वीर जवानों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान शहीद जवानों के बलिदान को याद करते हुए उनके परिवारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान
जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया गया।
बस्तर फाइटर महिला ने परेड में हासिल किया पहला स्थान
परेड एवं मार्च पास्ट में प्रतिभागी दलों ने शानदार प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग में बस्तर फाइटर महिला ने प्रथम, सीआरपीएफ बीजापुर ने द्वितीय और डीआरजी जिला पुलिस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर असैन्य वर्ग में एनसीसी प्रथम, एनएसएस द्वितीय और गाइड दल तृतीय रहा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बीजापुर ने प्रथम, एकलव्य आदर्श विद्यालय ने द्वितीय और कन्या रेसिडेंशियल पोटा केबिन ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान किए।
समारोह में जनप्रतिनिधियों, जिला एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, स्कूली विद्यार्थियों, मीडिया प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी रही। लंबे समय तक नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे बीजापुर में नक्सल मुक्त वातावरण के बीच मनाया गया यह स्वतंत्रता दिवस शांति, विकास और नई उम्मीदों का प्रतीक बना। मिनी स्टेडियम में शान से लहराता तिरंगा नए बीजापुर के उज्ज्वल भविष्य के संकल्प का गवाह बना।
