सुने मकान में करीब 5 लाख की संपत्ति चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

० कोरर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, चोरी की संपत्ति शत-प्रतिशत बरामद; वारदात में प्रयुक्त होंडा स्कूटी भी जब्त

कांकेर । थाना कोरर पुलिस और साइबर सेल कांकेर की संयुक्त टीम ने सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं उनकी निशानदेही पर चोरी गई संपत्ति शत-प्रतिशत बरामद कर ली है। बरामद संपत्ति में सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और गैस सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त होंडा स्कूटी भी जब्त की गई है।

परिवार के साथ रायपुर गया था प्रार्थी
पुलिस के अनुसार, ग्राम कुर्री निवासी रूपेश कुमार मौहान 8 अगस्त 2026 को अपने निजी कार्य से परिवार सहित मकान में ताला लगाकर रायपुर गए थे। 9 अगस्त की शाम वापस लौटने पर उन्हें घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला।
घर के अंदर जाकर जांच करने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच में करीब 23 ग्राम सोने के आभूषण, इंडेन कंपनी का गैस सिलेंडर और लगभग 50 हजार रुपये नकद चोरी होना पाया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोरर में अपराध क्रमांक 80/2026, धारा 305(1), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी कांकेर मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में थाना कोरर एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। इसके साथ ही अन्य तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों की जांच की गई। जांच के आधार पर पुलिस को भारत पटेल एवं बल्लभ भाई पटेल उर्फ राजू, निवासी शीतलापारा नारायणपुर, थाना भानुप्रतापपुर पर संदेह हुआ।
दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गई संपत्ति बरामद कर ली गई। दोनों आरोपियों को 16 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

चोरी की संपत्ति शत-प्रतिशत बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से निम्न सामग्री बरामद की—
सोने के आभूषण — झुमका करीब 11 ग्राम, रानी हार करीब 8 ग्राम एवं कान का लटकन करीब 3 ग्राम, कुल करीब 22 ग्राम, अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये।
चोरी की नगदी से खरीदे गए एक आईफोन एवं एक एंड्रॉयड मोबाइल, अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये।
इंडेन कंपनी का एक गैस सिलेंडर, अनुमानित कीमत 2 हजार रुपये।
वारदात में प्रयुक्त होंडा कंपनी की एक स्कूटी, अनुमानित कीमत 1.40 लाख रुपये।

गिरफ्तार आरोपी
1. भारत पटेल, पिता जयसिंह पटेल, निवासी शीतलापारा नारायणपुर, थाना भानुप्रतापपुर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर।
2. बल्लभ भाई पटेल उर्फ राजू, पिता स्व. ओमप्रकाश पटेल, निवासी शीतलापारा नारायणपुर, थाना भानुप्रतापपुर, जिला उत्तर बस्तर कांकेर।
पुलिस के अनुसार आरोपियों में से एक पूर्व में भी चोरी की घटना को अंजाम दे चुका है।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी नरेन्द्र कुमार मिश्रा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक ऋषभ बाजपेयी, सउनि छत्रपाल सिंह साहू, प्रधान आरक्षक कन्हैया पटेल, प्रधान आरक्षक लकेश रावटे, आरक्षक भरत दुग्गा एवं आत्मा राम ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वहीं साइबर सेल कांकेर टीम से निरीक्षक राजेन्द्र साहू, सउनि भकेश पटेल, सउनि पुरुषोत्तम कतलाम, प्रधान आरक्षक सचिन सोरी, आरक्षक रामरतन निषाद, जितेन्द्र नाग, भूपेश नेताम एवं हिमेश्वर मंडावी शामिल रहे।

कांकेर पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर को खाली छोड़ते समय दरवाजे एवं खिड़कियों को अच्छी तरह लॉक रखें। संभव हो तो विश्वसनीय पड़ोसियों को घर की जानकारी दें और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों का उपयोग करें।

किसी भी संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल कांकेर पुलिस हेल्पलाइन 94791-55125 पर देने की अपील की गई है। पुलिस के अनुसार सूचना एवं सूचनाकर्ता की पहचान पूर्णत: गोपनीय रखी जाएगी।