जयंती स्टेडियम में शिव महापुराण कथा के लिए दुर्ग पुलिस की व्यापक सुरक्षा व्यवस्था

Follow Us

० 17 से 26 अगस्त तक होगा आयोजन, लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए 632 पुलिसकर्मी तैनात; 9 पार्किंग स्थल निर्धारित

दुर्ग । बोलबम सेवा समिति खुरसीपार, भिलाई द्वारा 17 से 26 अगस्त तक जयंती स्टेडियम, भिलाई नगर में प्रख्यात कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा, सीहोर वाले की शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।

आयोजन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिला कलेक्टर के साथ जयंती स्टेडियम स्थित कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान आयोजन समिति द्वारा की जा रही तैयारियों के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा, प्रवेश-निकास, पार्किंग, यातायात और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। पुलिस महानिरीक्षक ने भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की और आयोजन शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।

632 पुलिसकर्मियों की रहेगी तैनाती
लाखों श्रद्धालुओं की संभावित उपस्थिति को देखते हुए आयोजन के लिए कुल 632 पुलिस बल तैनात किया गया है। इसमें 04 एएसपी/एसी, 18 डीएसपी, 15 निरीक्षक, 65 उप निरीक्षक/सहायक उप निरीक्षक, 36 प्रधान आरक्षक, 364 आरक्षक और 130 महिला आरक्षक शामिल हैं।
पुलिस बल की तैनाती कार्यक्रम स्थल, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग स्थल, प्रमुख चौक-चौराहों और संभावित भीड़ वाले क्षेत्रों में की जाएगी।

ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में भीड़ की लगातार निगरानी के लिए ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों का उपयोग किया जाएगा। प्रवेश एवं निकास मार्गों, अत्यधिक भीड़ वाले स्थानों तथा प्रमुख गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
बच्चों, बुजुर्गों और महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस और आयोजन समिति के कर्मचारियों के बीच समन्वय बनाए रखने की व्यवस्था की गई है।

पुलिस कंट्रोल रूम में हुई समन्वय बैठक
आयोजन की तैयारियों को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस प्रशासन, यातायात पुलिस, आयोजन समिति, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में संभावित भीड़, यातायात दबाव, पार्किंग, प्रवेश-निकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। सभी संबंधित विभागों एवं आयोजन समिति के दायित्व निर्धारित किए गए हैं।

9 पार्किंग स्थल निर्धारित
श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कुल 9 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं—
1. भिलाई निवास के सामने हेलिपैड
2. फुटबॉल ग्राउंड, भिलाई निवास के बगल
3. प्रगति मैदान के पीछे (वीआईपी)
4. बैंक परिसर (वीआईपी)
5. सेक्टर-06 पुलिस ग्राउंड
6. कला मंदिर के सामने
7. शहीद उद्यान के सामने
8. हरिराज सिविक सेंटर के बगल में
9. पैसिफिक मॉन्यूमेंट गार्डन के सामने

अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए मार्ग

रायपुर, चरौदा, भिलाई-03, नंदिनी एवं पावर हाउस की ओर से आने वाले वाहन:
कुहराली ? सिरसा गेट ? पावर हाउस/चंद्रा-मौर्या ? 25 मिलियन टन चौक ? सेक्टर-06 पुलिस पेट्रोल पंप के पीछे पार्किंग ? यहां से पैदल जयंती स्टेडियम।

कुम्हारी, खेमटा, धमधा, जेवरा सिरसा एवं नेहरू नगर की ओर से आने वाले वाहन:
ग्रीन चौक ? राजेंद्र पार्क चौक ? सेक्टर-09 चौक ? सेक्टर-06 ग्राउंड पार्किंग ? यहां से पैदल जयंती स्टेडियम।

राजनांदगांव एवं बालोद की ओर से आने वाले वाहन:
पुलगांव चौक ? जेल तिराहा ? भिलाई निवास के सामने हेलिपैड ग्राउंड पार्किंग ? यहां से पैदल कार्यक्रम स्थल।

धमतरी, अभनपुर एवं पाटन की ओर से आने वाले वाहन:
उतई नेवई ? भिलाई निवास के बाजू फुटबॉल ग्राउंड पार्किंग ? यहां से पैदल कार्यक्रम स्थल।

प्रवेश के लिए भी निर्धारित किए गए मार्ग
महाराज एवं आयोजक परिवार के लिए प्रवेश मंच के पीछे गेट/फॉरेस्ट एवेन्यू मार्ग से निर्धारित किया गया है। वीआईपी प्रवेश शहीद पार्क के आगे बैंक कटिंग तथा पार्किंग क्लब के पास से होगा।सामान्य श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश भिलाई क्लब, मिराज चौक (सीए चौक) एवं बैंक परिसर चौक की ओर से निर्धारित किया गया है।

दुर्ग पुलिस ने श्रद्धालुओं से की अपील
दुर्ग पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थल और प्रवेश मार्गों का ही उपयोग करने की अपील की है। मुख्य सड़कों, प्रवेश मार्गों अथवा प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़ा न करने तथा मौके पर यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने कहा गया है।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से बच्चों, बुजुर्गों और परिजनों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। किसी व्यक्ति के बिछडऩे की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिसकर्मी या निर्धारित सहायता व्यवस्था से संपर्क करने कहा गया है।

साथ ही किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने, अफवाहों पर विश्वास नहीं करने और बिना सत्यापन किसी सूचना को सोशल मीडिया पर प्रसारित नहीं करने की अपील की गई है।

दुर्ग पुलिस ने कहा है कि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात के सुचारू संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। प्रशासन और पुलिस ने श्रद्धालुओं से सहयोग कर शिव महापुराण कथा आयोजन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने की अपील की है।