लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे और दान को लेकर भाजपा पर एक बार फिर निशाना साधा है। रविवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो गीत साझा किया, जिसमें मंदिर के दान और भाजपा को लेकर सवाल उठाए गए हैं। अखिलेश ने पोस्ट में कहा कि,“राम जी से घात का पैसा, धर्म-दान पात्र का पैसा, भाजपा के पाप का पैसा नहीं चाहिए।” वीडियो के जरिए उन्होंने मंदिर की दान राशि और उसकी पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े किए।
उन्होंने लोगों से अपील की कि, यदि भाजपा की ओर से पैसे का लालच दिया जाए तो उससे सवाल किया जाए कि, मंदिर के धन को लेकर उठ रहे आरोपों का जवाब क्या है। यह मुद्दा उत्तर प्रदेश की राजनीति में पहले से ही चर्चा का विषय बना हुआ है। अखिलेश यादव लगातार इस मामले को लेकर भाजपा पर हमलावर हैं। वहीं, भाजपा और मंदिर से जुड़े पक्ष आरोपों को राजनीतिक मुद्दा बनाए जाने की बात कहते रहे हैं। इस नए वीडियो के बाद राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर सियासी बहस फिर तेज हो गई है।
