मॉर्निंग वॉक के बाद घर लौट रही 3 महिलाओं को वाहन ने कुचला, मौके पर मौत, मधुबनी में मचा हड़कंप

Follow Us

पटना। बिहार के मधुबनी जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई। घटना बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के स्टेट हाईवे पर जगदंबा पेट्रोल पंप के पास हुई। बताया जा रहा है कि, महिलाएं रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं और घर लौटते समय सड़क किनारे कुछ देर के लिए बैठी थीं। इसी दौरान रहिका की ओर से बेनीपट्टी जा रहे एक काले रंग के अज्ञात वाहन ने महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि, रीता देवी (42), किरण देवी (40) और फूलदाई देवी (70) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तीनों धकजरी गांव के नवटोली की रहने वाली थीं।

हादसे की सूचना मिलते ही बेनीपट्टी और अरेर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। पेट्रोल पंप के दोनों ओर करीब एक-एक किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने शवों को पीएम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, फरार वाहन चालक की तलाश जारी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हादसे के बाद नवटोली गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।