नई दिल्ली। भारत सरकार ने भारतीय विदेश सेवा (IFS) के 2002 बैच के वरिष्ठ अधिकारी विश्वेश नेगी को ईरान में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया है। विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर उनकी नियुक्ति की घोषणा की। नेगी, मौजूदा राजदूत रुद्र गौरव श्रेष्ठ का स्थान लेंगे, जिन्हें हाल ही में तुर्की में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है।
विश्वेश नेगी फिलहाल नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (Joint Secretary) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान भारत की विदेश नीति, इंडो-पैसिफिक क्षेत्र से जुड़े मामलों और कई महत्वपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। इससे पहले वह रक्षा मंत्रालय में OSD के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं, जहां उन्होंने भारत-अमेरिका रक्षा सहयोग से जुड़े रणनीतिक मुद्दों पर काम किया था।
विशेषज्ञों का मानना है कि, पश्चिम एशिया में बदलते भू-राजनीतिक हालात और भारत-ईरान के रणनीतिक, ऊर्जा एवं व्यापारिक संबंधों को देखते हुए यह नियुक्ति काफी महत्वपूर्ण है। उम्मीद की जा रही है कि विश्वेश नेगी जल्द ही तेहरान पहुंचकर अपना कार्यभार संभालेंगे और दोनों देशों के बीच सहयोग को नई मजबूती देने की दिशा में काम करेंगे।
