खूंटी में महिला थाना प्रभारी 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB ने ट्रैप कर पकड़ा

Follow Us

खूंटी, झारखंड।  भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) रांची की टीम ने खूंटी महिला थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी सपना को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, हुरलुंग तारो सिलादोन निवासी श्याम कुमार ने ACB रांची में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि महिला थाना में दर्ज एक मामले से नाम हटाने के लिए थाना प्रभारी ने रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, कांड संख्या 06/2025 से नाम हटाने के लिए 4 लाख 50 हजार रुपये में सौदा तय किया गया था।

शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की जांच की और आरोपों की पुष्टि के लिए ट्रैप की योजना बनाई। इसके तहत शिकायतकर्ता के माध्यम से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये दिए गए। जैसे ही थाना प्रभारी ने रकम स्वीकार की, पहले से मौजूद ACB की टीम ने उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया।

ACB अधिकारियों के अनुसार, आरोपी थाना प्रभारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद महिला थाना परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

गौरतलब है कि खूंटी महिला थाना में रिश्वतखोरी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले वर्ष 2021 में भी तत्कालीन महिला थाना प्रभारी मीरा कुमारी को ACB ने रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।

ACB का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और रिश्वत मांगने वाले सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत मिलने पर जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।