अडाणी एंटरप्राइजेज को बड़ा झटका: Q1 में रु.1,160 करोड़ का घाटा, जानिए किस वजह से बिगड़ा मुनाफे का गणित

Follow Us

नई दिल्ली। अडाणी समूह की प्रमुख कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी को जून तिमाही में रु.1,160 करोड़ का नेट लॉस हुआ है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में कंपनी ने रु.885 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया था। कंपनी के मुताबिक, इस तिमाही में घाटे की सबसे बड़ी वजह अमेरिका की एजेंसी ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल (OFAC) को किया गया रु.2,644 करोड़ का वन-टाइम सेटलमेंट भुगतान रहा। इस एकमुश्त खर्च ने कंपनी के मुनाफे को नुकसान पहुंचाया।

हालांकि, घाटे के बावजूद कंपनी के कारोबार में मजबूती देखने को मिली है। जून तिमाही में अडाणी एंटरप्राइजेज का रेवेन्यू सालाना आधार पर करीब 50 फीसदी बढ़कर रु.21,961 करोड़ से ऊपर पहुंच गया। कंपनी ने कहा कि, उसके मुख्य कारोबार और अलग-अलग बिजनेस सेगमेंट में लगातार ग्रोथ बनी हुई है। अडाणी एंटरप्राइजेज की शुरुआत वर्ष 1988 में गौतम अडाणी ने की थी। यह कंपनी ऊर्जा, इंफ्रास्ट्रक्चर, ट्रांसपोर्ट, लॉजिस्टिक्स और कंज्यूमर सेक्टर समेत कई क्षेत्रों में काम करती है। कंपनी का कहना है कि, सेटलमेंट भुगतान का असर केवल इस तिमाही के वित्तीय नतीजों पर पड़ा है, जबकि लंबी अवधि के लिए कारोबार की स्थिति मजबूत बनी हुई है।