मुंबई। भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल ‘रामायण’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज हो गया है। ब्रह्म मुहूर्त में जारी किए गए इस ट्रेलर ने सोशल मीडिया पर आते ही दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। फिल्म में भव्य सेट, शानदार वीएफएक्स और दमदार कलाकारों की झलक देखने को मिल रही है। निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज के साथ आठ बार ऑस्कर विजेता वीएफएक्स स्टूडियो DNEG इस मेगा प्रोजेक्ट को तैयार कर रहे हैं। फिल्म में पैन इंडिया स्टार यश रावण के किरदार में नजर आएंगे, जिनके लुक और दमदार अंदाज की जमकर चर्चा हो रही है।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह और कुणाल कपूर भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे। ‘रामायण’ का ट्रेलर हिंदी समेत कन्नड़, तेलुगु, तमिल और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फिल्म करीब 4000 करोड़ रुपये के बड़े बजट में बनाई जा रही है और इसे दो भागों में रिलीज किया जाएगा। पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा। फिल्म के प्रति दर्शकों में अभी से जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
