पेपर लीक बिल पर संसद में घमासान, रिजिजू ने राहुल गांधी से की माफी की मांग

Follow Us

नई दिल्ली। लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भाषण में इस्तेमाल किए गए कुछ शब्दों और आरोपों को लेकर सदन में जोरदार हंगामा हो गया। राहुल गांधी ने परीक्षा व्यवस्था, छात्रों की परेशानियों और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने अपने भाषण के दौरान कुछ ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया, जिस पर सत्तापक्ष के सांसदों ने आपत्ति जताई। इसके अलावा उन्होंने छात्रों पर कार्रवाई से जुड़े मामले में गृह मंत्री अमित शाह पर भी गंभीर आरोप लगाए।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के बयान पर विरोध जताते हुए कहा कि बिना प्रमाण इस तरह के आरोप नहीं लगाए जाने चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी से अपने शब्द वापस लेने और माफी मांगने की मांग की। रिजिजू ने कहा कि यदि कोई आरोप लगाया जा रहा है तो उसके समर्थन में तथ्य भी पेश किए जाने चाहिए। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी कई बार हस्तक्षेप करते हुए सदस्यों से सदन की गरिमा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि चर्चा नियमों और मर्यादा के अनुसार होनी चाहिए। हंगामा बढ़ने के बाद सदन की कार्यवाही कुछ समय के लिए स्थगित करनी पड़ी। इसके बाद किरेन रिजिजू ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।