आइशी घोष मामले पर संसद में सियासी घमासान, दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर विपक्ष ने उठाए सवाल

Follow Us

नई दिल्ली। जेएनयू छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष आइशी घोष को लेकर संसद में बुधवार को जमकर हंगामा देखने को मिला। CPI(M) सांसद जॉन ब्रिटास ने राज्यसभा में आरोप लगाया कि, दिल्ली पुलिस आइशी घोष की तलाश में पार्टी कार्यालय पहुंची, जिसके बाद विपक्ष ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। ब्रिटास ने दावा किया कि आइशी घोष को 2021 के एक पुराने मामले में गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम CPI(M) कार्यालय पहुंची थी। उन्होंने इसे छात्र आंदोलनों से जोड़ते हुए कहा कि सरकार प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर दबाव बना रही है। इस मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी विपक्ष का समर्थन किया और लोकतंत्र को लेकर चिंता जताई।

वहीं, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस अदालत के आदेश के तहत कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि कानून की प्रक्रिया के अनुसार काम हो रहा है, इसलिए इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। दिल्ली पुलिस के अनुसार, आइशी घोष के खिलाफ 2021 के एक मामले में अदालत ने गैर-जमानती वारंट जारी किया है। पुलिस इसी वारंट की तामील के लिए उनकी तलाश कर रही है। हालांकि CPI(M) कार्यालय में तलाशी के दौरान आइशी घोष नहीं मिलीं। इस मामले को लेकर संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस जारी है।