रायगढ़। जिले के कलेक्ट्रेट में मंगलवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा के बाबू राजकुमार सिदार को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बुलाकीग्राम निवासी विजय सिदार ने ACB से शिकायत की थी कि उसकी पत्नी की सर्पदंश से मौत के बाद शासन की ओर से मिलने वाली मुआवजा राशि जारी कराने के बदले बाबू द्वारा ₹50 हजार की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने जाल बिछाया।
मंगलवार को जैसे ही आरोपी बाबू ने शिकायतकर्ता से ₹50 हजार का चेक रिश्वत के रूप में लिया, ACB की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद टीम ने आवश्यक दस्तावेज और साक्ष्य जुटाते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
ACB की इस कार्रवाई के बाद कलेक्ट्रेट में अफरा-तफरी का माहौल रहा। मामले में आरोपी से पूछताछ जारी है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
