पीएम मोदी के वीडियो पर मेटा की सफाई, कहा- तकनीकी गलती से हुई थी परेशानी, मांगी माफी

Follow Us

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक वीडियो के फेसबुक से कुछ समय के लिए गायब होने के मामले पर सोशल मीडिया कंपनी Meta ने सफाई दी है। कंपनी ने इसे तकनीकी गड़बड़ी बताते हुए माफी मांगी और कहा कि वीडियो हटना किसी कानूनी कार्रवाई का नतीजा नहीं था। मामला उस समय सामने आया जब 28 जुलाई की सुबह कई फेसबुक यूजर्स प्रधानमंत्री मोदी का वीडियो नहीं देख पा रहे थे।

वीडियो खोलने पर कुछ यूजर्स को एक संदेश दिखाई दिया, जिसमें भारत में इसकी पहुंच सीमित होने की बात कही गई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए Meta और Instagram के अधिकारियों से जवाब मांगा है। सरकार यह जानना चाहती है कि, प्रधानमंत्री के आधिकारिक कंटेंट तक पहुंच अचानक क्यों प्रभावित हुई।

Meta ने बाद में स्पष्ट किया कि, यह समस्या सिस्टम की तकनीकी खामी के कारण आई थी और इसे जल्द ठीक कर दिया गया। कंपनी ने इस असुविधा के लिए खेद भी जताया। बताया जा रहा है कि, यह वीडियो प्रधानमंत्री मोदी का युवाओं को संबोधित संदेश था, जिसमें उन्होंने पेपर लीक जैसे मुद्दों पर बात की थी। वीडियो को Instagram पर बड़ी संख्या में लोगों ने देखा, जबकि Facebook पर कुछ समय के लिए इसकी पहुंच प्रभावित रही।