क्रेडिट कार्ड के कर्ज से शुरू हुआ सफर, रैपिडो चलाकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने समझी गिग वर्कर्स की असली जिंदगी

Follow Us

बेंगलुरु। अच्छी सैलरी वाली आईटी नौकरी के बावजूद बढ़ते खर्चों और क्रेडिट कार्ड के बिल ने एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को वीकेंड पर रैपिडो बाइक चलाने के लिए मजबूर कर दिया। अतिरिक्त कमाई के मकसद से शुरू किया गया यह काम कुछ ही हफ्तों में उसके लिए एक बड़ा अनुभव बन गया। बेंगलुरु के इस इंजीनियर ने बताया कि, उसने खाली समय का इस्तेमाल करने के लिए रैपिडो और उबर कैप्टन के रूप में रजिस्ट्रेशन कराया था। शुरुआती दिनों में यात्रियों का व्यवहार अच्छा रहा और करीब 20 राइड्स के दौरान उसे कोई बड़ी परेशानी नहीं हुई। लेकिन एक राइड ने उसकी सोच बदल दी।

एक यात्री के साथ हुए विवाद के दौरान कैंसिलेशन नियम समझाने पर एक व्यक्ति ने गुस्से में उसके हेलमेट पर हमला कर दिया, जिससे हेलमेट का शीशा टूट गया। हालांकि उसने मामला बढ़ाने के बजाय वहां से निकलना बेहतर समझा। इस घटना के बाद इंजीनियर ने महसूस किया कि उसके लिए यह सिर्फ पार्ट-टाइम काम था, लेकिन हजारों गिग वर्कर्स की पूरी आजीविका इसी पर निर्भर है। उसने बताया कि, ड्राइवर्स को रोजाना खराब व्यवहार, सुरक्षा जोखिम, राइड कैंसिलेशन और आर्थिक दबाव जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उसकी कहानी ने ऐप आधारित ड्राइवर्स की मुश्किलों और उनके अधिकारों को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है।