बार-बार धुलाई से फीकी पड़ रही है जींस: इन आसान तरीकों से बरकरार रखें काला रंग और स्टाइल

Follow Us

नई दिल्ली। ब्लैक जींस हर किसी की अलमारी का एक ऐसा फैशन स्टेपल है, जो कैजुअल से लेकर स्टाइलिश लुक तक हर जगह फिट बैठती है। लेकिन कुछ ही धुलाई के बाद इसका गहरा काला रंग हल्का पड़ने लगता है और पसंदीदा जींस पुरानी नजर आने लगती है। इसकी मुख्य वजह गलत धुलाई और देखभाल का तरीका हो सकता है। अगर आप चाहते हैं कि आपकी ब्लैक जींस लंबे समय तक नई जैसी दिखे, तो कुछ आसान आदतें अपनानी होंगी। सबसे पहले जींस को बार-बार धोने से बचें। बिना दाग या गंदगी के इसे हर बार वॉश करना जरूरी नहीं होता, क्योंकि ज्यादा धुलाई से कपड़े का रंग तेजी से निकलता है।

दाग लगने पर पूरी जींस धोने की बजाय सिर्फ उस हिस्से को साफ करें। वहीं, धुलाई के समय हमेशा ठंडे पानी का इस्तेमाल करें और जींस को अंदर की तरफ पलटकर धोएं। इससे कपड़े पर घर्षण कम होता है और रंग सुरक्षित रहता है। तेज केमिकल वाले डिटर्जेंट की जगह माइल्ड डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें। जींस को तेज धूप में लंबे समय तक सुखाने से भी बचें और कोशिश करें कि इसे प्राकृतिक हवा में सुखाया जाए। इन छोटी-छोटी सावधानियों से आपकी ब्लैक जींस का रंग, फिटिंग और फैब्रिक लंबे समय तक बेहतर बना रहेगा।