तीर-धनुष और लोहे का कत्ता लेकर ग्रामीणों को धमका रहा युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

Follow Us

रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बरौनाकुंडा में लोहे का कत्ता और तीर-धनुष लेकर ग्रामीणों में दहशत फैलाने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से हथियार बरामद कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 की दोपहर ग्राम बरौनाकुंडा के एक ग्रामीण ने थाना घरघोड़ा पहुंचकर सूचना दी कि गांव का निवासी विद्याधर अगरिया गली में लोहे का कत्ता और तीर-धनुष लेकर लोगों को धमका रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई।

पुलिस जब गवाहों के साथ आरोपी के घर के पास पहुंची तो वह और अधिक उग्र हो गया। उसने हथियार लहराते हुए पुलिस और ग्रामीणों को धमकाया तथा सामने आने वाले को जान से मारने की बात कही। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर सूझबूझ के साथ आरोपी को काबू में लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विद्याधर अगरिया (33 वर्ष) निवासी ग्राम बरौनाकुंडा, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोहे का कत्ता और तीर-धनुष बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।