शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के इस्तीफे की मांग तेज, पेपर लीक मामले को लेकर रायपुर में छात्रों का प्रदर्शन

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार को बड़ी संख्या में छात्रों ने 12वीं बोर्ड हिंदी विषय के कथित पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शन को छात्र संगठन एनएसयूआई का भी समर्थन मिला। अंबेडकर चौक पर जुटे छात्रों ने पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून और प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की। छात्रों का कहना है कि बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से विद्यार्थियों के भविष्य पर गंभीर असर पड़ रहा है, इसलिए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने पेपर लीक मामलों में जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने री-नीट परीक्षा से जुड़े मामले में आत्महत्या करने वाली हरिका राव के परिवार को उचित मुआवजा और न्याय दिलाने की मांग भी उठाई। एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और उनकी मांगों को जायज बताते हुए सरकार से कार्रवाई की मांग की। छात्रों का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखना बेहद जरूरी है।