मुंबई। ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो ने अपने चर्चित रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स इंडिया’ के दूसरे सीजन का ऐलान कर दिया है। शो की घोषणा के साथ ही निर्माताओं ने एक रोमांचक टीजर भी जारी किया है, जिसने सोशल मीडिया पर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। टीजर में दिल्ली और मुंबई की हलचल भरी सड़कों पर रहस्यमयी नकाबपोश लोग नजर आ रहे हैं। लाल कपड़ों और मास्क में दिखाई दे रहे ये किरदार हाथों में खंजर लिए मेट्रो, बाजार और एयरपोर्ट जैसे स्थानों पर घूमते दिखते हैं। वीडियो में दिखाया गया सस्पेंस शो के नए सीजन में होने वाले धोखे, रणनीति और रोमांच की झलक देता है।
हालांकि, मेकर्स ने अभी तक शो की कास्ट और रिलीज डेट से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की है, जिससे दर्शकों के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है। ‘द ट्रेटर्स इंडिया’ के पहले सीजन को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। शो को करण जौहर ने होस्ट किया था, जिसमें फिल्म, टीवी और डिजिटल जगत के कई लोकप्रिय चेहरे शामिल हुए थे। पहले सीजन में उर्फी जावेद और निकिता लूथरा विजेता बनी थीं और उन्होंने 70.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि साझा की थी। अब दूसरे सीजन में कौन-कौन से सितारे नजर आएंगे, यह देखने के लिए फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
