मुंबई। साउथ सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु की फिल्म ‘मां इंटि बंगारम’ रिलीज के बाद से ही सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। खास बात यह है कि भारत के साथ-साथ नॉर्थ अमेरिका में भी फिल्म ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने नॉर्थ अमेरिका में करीब 2.082 मिलियन डॉलर यानी लगभग 20.1 करोड़ रुपये की कमाई की है। फिल्म का प्रीमियर कलेक्शन भी शानदार रहा, जहां इसने 280 हजार डॉलर की कमाई की। रिलीज के पहले दिन प्रीमियर सहित फिल्म ने 533.4 हजार डॉलर का कारोबार किया।
फिल्म के बजट और कमाई के आंकड़ों के आधार पर ‘मां इंटि बंगारम’ ने 100 फीसदी से ज्यादा का मुनाफा दर्ज किया है। इसी के साथ यह 2026 की सबसे ज्यादा प्रॉफिट कमाने वाली तमिल फिल्मों में शामिल हो गई है। फिल्म में सामंथा ने एक हाउसवाइफ के किरदार के साथ जबरदस्त एक्शन अवतार भी दिखाया है। कहानी में वह अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हर चुनौती का सामना करती नजर आती हैं। दर्शकों ने उनके इस नए अंदाज को काफी पसंद किया है। ‘मां इंटि बंगारम’ सामंथा के करियर की एक खास फिल्म बन गई है, जिसने फीमेल लीड फिल्म के तौर पर बड़ी सफलता हासिल की है।
